Category: news

  • बिहार कैबिनेट का बड़ा फैसला, 19 विशेष अदालतों में 171 पद मंजूर

    बिहार कैबिनेट का बड़ा फैसला, 19 विशेष अदालतों में 171 पद मंजूर

    पटना
     अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के लंबित मामलों के तेजी से निपटारे के लिए राज्य में 19 अतिरिक्त विशेष न्यायालयों में 171 नए पद सृजन का प्रस्ताव सरकार ने स्वीकृत किया है।

    वहीं, हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत वंदे मातरम् थीम पर कार्यक्रमों के आयोजन के लिए 6.12 करोड़ रुपये भी स्वीकृत किए हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में इन दोनों समेत कुल 17 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।

    विशेष अदालतों में 27 नए पद सृजन की भी स्वीकृति
    मंत्रिमंडल की बैठक के बाद कैबिनेट के अपर मुख्य सचिव अरविंद चौधरी ने बताया कि मंत्रिमंडल ने अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण अधिनियम, 1989) के अंतर्गत लंबित मामलों के निपटारे के लिए 19 अतिरिक्त विशेष न्यायालयों में अराजपत्रित कोटि के 171 विभिन्न पदों के सृजन की मंजूरी दी है।

    पटना स्थित बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कार्यों के सुचारू संचालन के लिए पहले से सृजित पदों के अतिरिक्त कुल छह पदों के सृजन की स्वीकृति दी गई है।

    उद्योग विभाग के अधीन एमएसएमई निदेशालय के गठन के लिए पूर्व से गठित 57 पदों को प्रत्यर्पित एक पद को उद्योग विभाग को वापस करने और 106 नए पद चिह्नित करने का प्रस्ताव भी स्वीकृत किया गया है।

    एनडीपीएस मामलों की सुनवाई के लिए पूर्णिया, भागलपुर और गया में तीन विशेष अदालतों में 27 नए पद सृजित करने को मंजूरी भी दी गई है।

    निकाली जाएगी तिरंगा रैली और तिरंगा यात्रा भी
    मंत्रिमंडल ने कला एवं संस्कृति विभाग के हर घर तिरंगा अभियान 2026’ के सफल आयोजन के लिए छह करोड़ बारह लाख रुपये के व्यय को भी स्वीकृति प्रदान की है। अभियान के तहत तिरंगा रैली और यात्रा निकाली जाएगी।

    सेल्फी विद तिरंगा अभियान चलाया जाएगा। तिरंगा रंगोली बनाई जाएगी और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। सरकारी भवनों को तिरंगे की रोशनी से सजाया जाएगा। लोगों को तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रभक्ति के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाया जाएगा

    पर्यवेक्षण गृह बालक, एक पर्यवेक्षण गृह में गृह रक्षक होंगे तैनात
    मंत्रिमंडल ने किशोर न्याय अधिनियम, 2015 के तहत संचालित और प्रस्तावित 34 बाल गृहों (23 पर्यवेक्षण गृह बालक, एक पर्यवेक्षण गृह बालिका, एक विशेष गृह और नौ सुरक्षित स्थान) की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 330 गृह रक्षकों की नियुक्ति को स्वीकृति दी।

    इस पर प्रतिवर्ष 14.53 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इन रक्षकों की तैनाती से गृहों में रहने वाले किशोरों के बीच होने वाले झगड़ों पर नियंत्रण और आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी।

    ज्ञान भारतम मिशन के तहत पांडुलिपियों का होगा डिजिटलीकरण
    मंत्रिमंडल ने भारत सरकार की फ्लैगशिप स्कीम ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत सर्वेक्षित पांडुलिपियों के डिजिटलीकरण एवं मेटाडेटा निर्माण की योजना को स्वीकृति प्रदान की है। योजना के क्रियान्वयन के लिए कुल छह करोड़ तेईस लाख अड़सठ हजार सात सौ अठारह रुपये के व्यय की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।

    साथ ही पुरातत्व निदेशालय, कला एवं संस्कृति विभाग के अंतर्गत पूर्व से स्वीकृत कुल 16 तकनीकी पदों के विरुद्ध 12 पदों पर 11 माह अथवा नियमित नियुक्ति होने तक, जो भी पहले हो, संविदा के आधार पर नियोजन के प्रस्ताव को स्वीकृति दी गई है।

    अन्य निर्णय
    – नवादा जिले के रजौली मौजा में बिहार औद्योगिक सुरक्षा बल (बीआईएसएफ) की स्थापना के लिए गृह विभाग (आरक्षी शाखा) को 43.98 एकड़ जमीन मुफ्त हस्तांतरण का प्रस्ताव स्वीकृत।

    – आयुर्वेदिक चिकित्सा पदाधिकारी की नियुक्ति के लिए वर्ष 2003 तक के वैध जीएएमएस (ग्रेजुएट इन आयुर्वेदिक मेडिसिन एंड सर्जरी) में उतीर्ण छात्रों की डिग्री भी मान्य की गई।

    -आयुष चिकित्सा पदाधिकारियों की नियुक्ति प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से की जाएगी। हाईकोर्ट के फैसले के बाद विभाग के स्तर से यह निर्णय लिया गया है।

    – पूर्वी चंपारण के पीपराकोठी में पांच एकड़ जमीन केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए केंद्र सरकार के केंद्रीय विद्यालय संगठन को 30 वर्षों की लीज पर देने का प्रस्ताव मंजूर।

    – केंद्र प्रायोजित अटल नवीकरण और शहरी परिवर्तन मिशन (अमृत-2.0) के तहत जमालपुर जलापूर्ति परियोजना के लिए 122 करोड़ 22 लाख तथा मुंगेर जलापूर्ति (फेज-1) के अंतर्गत 177 करोड़ 72 लाख रुपये की योजना मंजूर।

  • बठिंडा में रिश्वतखोरी पर बड़ी कार्रवाई, जमानत के बदले घूस लेते ASI और रीडर गिरफ्तार

    बठिंडा में रिश्वतखोरी पर बड़ी कार्रवाई, जमानत के बदले घूस लेते ASI और रीडर गिरफ्तार

    बठिंडा.

    पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने साइबर क्राइम थाने में तैनात एक सहायक सब-इंस्पेक्टर (एएसआइ) और एसएचओ के रीडर को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

    विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपितों की पहचान एएसआइ सतरूप सिंह और साइबर क्राइम थाना बठिंडा के एसएचओ के रीडर गुरचरण सिंह के रूप में हुई है। विजिलेंस ने यह कार्रवाई एक महिला की शिकायत पर की है। शिकायतकर्ता महिला ने बताया कि उसके बेटे के खिलाफ साइबर क्राइम थाना बठिंडा में मामला दर्ज था। बेटे को गिरफ्तार न करने और उसकी जमानत करवाने में मदद करने तथा दूसरी पार्टी से समझौता करवाने के बदले दोनों पुलिस कर्मचारियों ने एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। महिला ने रिश्वत देने से इन्कार करते हुए विजिलेंस ब्यूरो के फ्लाइंग स्क्वायड-1, एसएएस नगर (मोहाली) से संपर्क किया और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने ट्रैप लगाया।

    दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में शिकायतकर्ता ने आरोपितों को एक लाख रुपये की रिश्वत दी। जैसे ही दोनों ने रकम स्वीकार की, पहले से तैनात विजिलेंस टीम ने मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ एसएएस नगर स्थित विजिलेंस थाने में भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत एफआइआर दर्ज कर ली है। अधिकारियों ने बताया कि आरोपितों से पूछताछ की जा रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस पूरे प्रकरण में किसी अन्य पुलिस अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका तो नहीं रही। उधर, शिकायतकर्ता महिला ने आरोप लगाया है कि रिश्वत मांगने के मामले में साइबर थाना के एसएचओ और एक अन्य कर्मचारी की भी भूमिका है।

    उसका कहना है कि रिश्वत की मांग केवल गिरफ्तार किए गए दोनों कर्मचारियों तक सीमित नहीं थी, बल्कि पूरे मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उसने विजिलेंस अधिकारियों से सभी संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। विजिलेंस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • राजा वड़िंग नए विवाद में घिरे, मंच पर बुलाया चन्नी समर्थक निकला तस्करी का आरोपी; AAP का हमला

    राजा वड़िंग नए विवाद में घिरे, मंच पर बुलाया चन्नी समर्थक निकला तस्करी का आरोपी; AAP का हमला

    चंडीगढ़ 

    पंजाब कांग्रेस की बठिंडा में हुई हर बूथ कांग्रेस मजबूत रैली एक नए विवाद में घिर गई है। रैली में मंच पर बुलाए गए युवक कमलदीप सिंह पर पंजाब सरकार ने गंभीर आरोप लगाए हैं। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने दावा किया है कि कमलदीप सिंह मादक पदार्थों की तस्करी का आरोपी है। इस घटना ने पंजाब की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। 

     अपना नंबर देकर फंसे पंजाब कांग्रेस प्रधान
    हरपाल सिंह चीमा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि कमलदीप सिंह के पास से 506 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐसे व्यक्तियों को राजनीतिक संरक्षण दे रही है। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कमलदीप सिंह को मंच पर बुलाया था। वड़िंग ने कमलदीप से पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को फोन लगवाया। इसका उद्देश्य गुटबाजी खत्म होने का संदेश देना था। जब चन्नी का फोन नहीं उठा, तो वड़िंग ने कमलदीप को अपना मोबाइल नंबर दिया। उन्होंने कमलदीप से सीधे संपर्क करने को कहा। यह घटना अब कांग्रेस के लिए मुश्किलें खड़ी कर रही है।

    कमलदीप पहले लगा रहा था वड़िंग के नारे
    दो दिन पहले कमलदीप सिंह मलोट और मानसा की रैलियों में राजा वड़िंग के समर्थन में नारे लगा रहा था। वह राजा वड़िंग जिंदाबाद और कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद के नारे लगाता दिखा था। मानसा में वह वड़िंग के समर्थन में दूसरे युवक से बहस भी कर रहा था। हालांकि, बठिंडा की रैली में उसने अचानक चरणजीत सिंह चन्नी जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा तेज है कि क्या यह पूरी घटना एक सुनियोजित राजनीतिक ड्रामा थी। इसका मकसद चन्नी समर्थकों की गुटबाजी को उजागर करना हो सकता है।

    नारेबाजी के बीच राजा वड़िंग ने कमलदीप सिंह को मंच पर बुलाया। उन्होंने कमलदीप से पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को फोन मिलाने को कहा। फोन को लाउडस्पीकर पर रखवाया गया। जब चन्नी का फोन नहीं उठा, तो वड़िंग ने कमलदीप को अपना निजी मोबाइल नंबर दिया। उन्होंने कमलदीप से कहा कि किसी भी काम के लिए सीधे उनसे संपर्क करे। यह घटना रैली का एक महत्वपूर्ण हिस्सा बन गई। कमलदीप सिंह कांग्रेसी सरपंच लाडी का निकटवर्ती बताया जा रहा है।

    कांग्रेस नेतृत्व पर सवाल
    वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के आरोपों ने इस विवाद को नया मोड़ दिया है। उन्होंने कमलदीप सिंह पर मादक पदार्थों की तस्करी का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेतृत्व को कठघरे में खड़ा किया है। चीमा ने कांग्रेस पर ऐसे लोगों को राजनीतिक संरक्षण देने का आरोप लगाया है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि दो दिन में कमलदीप के नारे कैसे बदल गए। कांग्रेस की ओर से इन गंभीर आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया आती है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं। बठिंडा की यह रैली अब गुटबाजी से बढ़कर एक बड़े राजनीतिक विवाद का केंद्र बन गई है।

     

  • हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की 3 दिवसीय हड़ताल शुरू, कई शहरों में सफाई व्यवस्था प्रभावित

    हरियाणा में सफाई कर्मचारियों की 3 दिवसीय हड़ताल शुरू, कई शहरों में सफाई व्यवस्था प्रभावित

    चंडीगढ़.

    हरियाणा सरकार और नगरपालिका कर्मचारी संघ तथा हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के बीच बुधवार को हुई अहम वार्ता किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी। सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच कई दौर की चर्चा के बावजूद 13 मई को हुए समझौते को लागू करने संबंधी आदेश नहीं हो सके।

    इसके बाद कर्मचारी संगठनों ने अपने पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार 6, 7 और 8 अगस्त को प्रदेशव्यापी तीन दिवसीय हड़ताल पर जाने का ऐलान बरकरार रखा है। हरियाणा निवास, सेक्टर-3, चंडीगढ़ में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल की अध्यक्षता में हुई बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा, हरियाणा अग्निशमन विभाग के महानिदेशक शेखर विद्यार्थी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

    कर्मचारी संगठनों की ओर से नगरपालिका कर्मचारी संघ के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री, महासचिव मांगेराम तिगरा तथा हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के राज्य प्रधान राजेंद्र सिंद और महासचिव गुलशन भारद्वाज सहित अन्य प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक के बाद कर्मचारी नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार ने 13 मई को हुए समझौते को लागू नहीं किया और कर्मचारियों के साथ वादाखिलाफी की है। उनका कहना है कि सरकार आज की बैठक में भी सहमत मांगों पर कोई लिखित आदेश जारी करने की बजाय केवल आश्वासन देती रही।

    कर्मचारी नेताओं के अनुसार 13 मई के समझौते में सफाई कर्मियों, सीवर कर्मचारियों, माली, बेलदार, इलेक्ट्रिशियन, हेल्पर, क्लर्क, फायरमैन और ड्राइवरों को 30 जून तक पक्का करने, सफाई एवं सीवर कार्य में ठेका प्रथा समाप्त करने, ठेका कर्मचारियों को विभाग के रोल पर लेने, रिक्त पदों पर नियमित भर्ती करने, श्रम कानूनों के सभी लाभ सुनिश्चित करने, कच्चे कर्मचारियों को एक्स-ग्रेशिया योजना का लाभ देने पर सहमति बनी थी। इसके अलावा, 58 एवं 60 वर्ष की आयु पूरी करने वाले कर्मचारियों को ग्रेच्युटी और पांच लाख रुपये सम्मान राशि देने, चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने, गुरुग्राम के 3480 सहित सभी छंटनीग्रस्त कर्मचारियों की बहाली, सफाई कर्मचारियों को पांच हजार रुपये जोखिम भत्ता, फायर कर्मचारियों को वर्दी एवं जोखिम भत्ता तथा ड्यूटी के दौरान मारे जाने वाले कर्मचारियों के आश्रितों को 50 लाख रुपये की सहायता और नियमित नौकरी देने सहित 17 मांगों को मान लिया गया था।

    नगर पालिका कर्मचारी संघ और अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने स्पष्ट किया कि सरकार की ओर से इन मांगों को लागू करने संबंधी आदेश जारी नहीं होने के कारण अब 6 अगस्त से तीन दिवसीय राज्यव्यापी हड़ताल होगी। इससे प्रदेश के नगर निकायों में सफाई व्यवस्था, सीवर संचालन और अग्निशमन सेवाओं पर असर पड़ने की संभावना है।

  • पंजाब के 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, लुधियाना-जालंधर में झमाझम बारिश; चंडीगढ़ में छाए रहेंगे बादल

    पंजाब के 7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, लुधियाना-जालंधर में झमाझम बारिश; चंडीगढ़ में छाए रहेंगे बादल

    चंडीगढ़
     पंजाब में एक बार फिर मौसम सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने राज्य के कई हिस्सों में बारिश की संभावना जताते हुए 7 जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। 6 अगस्त को होशियारपुर, नवांशहर (शहीद भगत सिंह नगर), फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला, एसएएस नगर (मोहाली) और पठानकोट में भारी बारिश की आशंका व्यक्त की गई है।

    मौसम विभाग के अनुसार, रूपनगर और मोहाली के अधिकांश इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना है, जबकि अन्य अलर्ट वाले जिलों में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा, पंजाब के बाकी हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है, हालांकि वहां किसी विशेष अलर्ट की घोषणा नहीं की गई है।

    इन 7 जिलों में भारी बारिश की संभावना
    मौसम विभाग ने बताया कि पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और एसएएस नगर (मोहाली) में कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और मौसम से जुड़ी ताजा जानकारी पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

    इन जिलों में भी बारिश के आसार
    येलो अलर्ट के तहत गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, लुधियाना, बरनाला, मानसा और संगरूर में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब और बठिंडा में भी कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।

    कुछ स्थानों पर बारिश की संभवना
    मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार, उत्तर भारत से होकर मानसून ट्रफ गुजर रही है। वहीं वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर अभी पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। इसके अलावा यूपी और हरियाणा के ऊपर कम दबाव (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) का क्षेत्र बना हुआ है।

    इन मौसम प्रणालियों के कारण पंजाब और चंडीगढ़ में नमी बढ़ गई है। इसी वजह से अगले 24 घंटों के दौरान दोनों क्षेत्रों के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

    बिजली की मांग 14,603 मेगावाट दर्ज
    गर्मी और उमस बढ़ने के साथ राज्य में बिजली की खपत भी बढ़ गई है। बिजली की मांग 14,603 मेगावाट दर्ज की गई। इसमें से 4,683 मेगावाट बिजली का उत्पादन राज्य ने स्वयं किया, जबकि शेष बिजली केंद्रीय ग्रिड से प्राप्त की गई। राज्य को केंद्र से 9,921 मेगावाट बिजली मिली, जो उसके निर्धारित 10,418 मेगावाट हिस्से से 497 मेगावाट कम रही।

    डैम के खतरे के निशान से नीचे
    भाखड़ा डैम का जलस्तर 1,607.17 फीट है, जो खतरे के निशान 1,680 फीट से 72.83 फीट नीचे है। डैम में 46,663 क्यूसेक पानी की आवक हो रही है। 23,269 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। पोंग डैम का जलस्तर 1,343.6 फीट है, जो खतरे के निशान 1,390 फीट से 46.4 फीट नीचे है। डैम में 23,380 क्यूसेक पानी आ रहा है। 13,715 क्यूसेक छोड़ा जा रहा है।

    हिमाचल से सटे जिलों में बारिश के बने आसार
    वीरवार (6 अगस्त): मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को पूरे प्रदेश में कोई मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पठानकोट में भी कई स्थानों पर वर्षा की संभावना है।

    अमृतसर, गुरदासपुर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला और संगरूर में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं फाजिल्का, फिरोजपुर, मुक्तसर, फरीदकोट, मोगा, बठिंडा और मानसा में केवल एक-दो स्थानों पर बूंदाबांदी के आसार हैं।

    शुक्रवार (7 अगस्त): शुक्रवार से मानसून और कमजोर पड़ जाएगा। अमृतसर, गुरदासपुर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, मानसा, पटियाला, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली और फतेहगढ़ साहिब में केवल छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

    इसके विपरीत तरनतारन, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, बठिंडा, मुक्तसर और फाजिल्का में मौसम पूरी तरह शुष्क रहने का अनुमान है।

    शनिवार (8 अगस्त): शनिवार को केवल गुरदासपुर, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

    मालवा के अधिकांश जिले, जिनमें फाजिल्का, मुक्तसर, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, बठिंडा, मानसा, संगरूर और तरनतारन शामिल हैं, पूरी तरह शुष्क रहेंगे।

    रविवार (9 अगस्त): रविवार को मानसून का प्रभाव और कम हो जाएगा। गुरदासपुर, पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में ही कहीं-कहीं हल्की बारिश की संभावना है। बाकी अधिकांश जिलों में मौसम साफ और शुष्क रहेगा।

    बुधवार को कैसा रहा मौसम
    बुधवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 2.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके बावजूद तापमान सामान्य के आसपास बना रहा। सबसे अधिक तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस बठिंडा में रिकॉर्ड किया गया।

     बरनाला में सबसे अधिक बारिश, कई जिलों में हुई बूंदाबांदी
    5 अगस्त को पंजाब में सबसे अधिक 12 मिमी बारिश बरनाला में रिकॉर्ड की गई। अमृतसर में 6 मिमी, गुरदासपुर में 2 मिमी तथा फतेहगढ़ साहिब और लुधियाना में 1.5-1.5 मिमी वर्षा दर्ज हुई। पठानकोट में केवल ट्रेस यानी बेहद हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई। इन आंकड़ों से साफ है कि बारिश पूरे राज्य में समान रूप से नहीं हुई, लेकिन कई जिलों में मानसूनी गतिविधियां लगातार बनी हुई हैं। ऐसे में अगले 24 घंटे किसानों, यात्रियों और शहरी क्षेत्रों के लिए अहम रहने वाले हैं।

     
    क्यों सक्रिय हुआ मानसून, मौसम विभाग ने बताई वजह
    मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार उत्तर भारत से होकर मानसून ट्रफ गुजर रही है। इसके साथ ही पश्चिमी विक्षोभ का असर पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। दूसरी ओर उत्तर प्रदेश और हरियाणा के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) भी बना हुआ है। इन्हीं मौसम प्रणालियों के कारण पंजाब और चंडीगढ़ में नमी बढ़ी है। विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटों के दौरान कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

     

     

  • भारी बस्ता और मोबाइल की लत से बढ़ रही बच्चों में गर्दन-पीठ दर्द की समस्या

    भारी बस्ता और मोबाइल की लत से बढ़ रही बच्चों में गर्दन-पीठ दर्द की समस्या

    पटना
    स्कूल बस्ते का बढ़ता वजन और मोबाइल का अत्यधिक इस्तेमाल बच्चों की हड्डियों और मांसपेशियों पर असर डाल रहा है। एम्स पटना और आईजीआईएमएस के चिकित्सकों की रिपोर्ट के अनुसार, इससे बच्चों में गर्दन, पीठ, कंधे और कमर दर्द की समस्या तेजी से बढ़ रही है। अस्थि एवं जोड़ सप्ताह के अवसर पर जारी रिपोर्ट में बताया गया है कि खेलकूद और शारीरिक गतिविधियों में कमी भी इस समस्या को बढ़ाने वाली बड़ी वजह बन रही है।

    रिपोर्ट के मुताबिक, एम्स पटना के हड्डी रोग विभाग के ओपीडी में हर महीने करीब 300 बच्चे गर्दन, पीठ, कंधे और कमर दर्द की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। वहीं, आईजीआईएमएस के हड्डी रोग विभाग की ओपीडी में भी हर महीने लगभग 350 बच्चे गर्दन और कंधे के दर्द से परेशान होकर इलाज कराने आते हैं। इन बच्चों की उम्र आठ से 13 वर्ष के बीच है। बिहार ऑर्थोपेडिक एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अमूल्य कुमार सिंह ने बताया कि बच्चे के वजन का अधिकतम 10 प्रतिशत ही उसके बैग का वजन होना चाहिए, लेकिन अधिकांश बच्चे इससे अधिक वजन का बस्ता ढो रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर पांच में से दो बच्चे भारी बैग के कारण रीढ़ की हड्डी से जुड़ी परेशानी का सामना कर रहे हैं। एलएनजेपी हड्डी अस्पताल के निदेशक डॉ. राकेश चौधरी ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में यह समस्या बढ़ी है।

    130 बच्चों पर सर्वे
    आईजीआईएमएस के हड्डी रोग विभाग ने तीन अगस्त को केबी बेली रोड में 10 से 13 वर्ष आयु वर्ग के 130 बच्चों पर सर्वे किया। इसमें 90 बच्चों ने गर्दन और कमर दर्द की शिकायत बताई। चिकित्सकों के अनुसार, इनमें से अधिकांश बच्चे प्रतिदिन छह से सात घंटे मोबाइल का इस्तेमाल करते हैं। साथ ही वे पार्क में कम जाते हैं, धूप में कम निकलते हैं और उनकी दिनचर्या से खेलकूद लगभग गायब हो गया है।

    रिपोर्ट की मुख्य बातें
    ● ओपीडी में हर महीने करीब 300 बच्चे गर्दन और पीठ दर्द की शिकायत लेकर पहुंच रहे

    ● अस्थि एवं जोड़ सप्ताह के अवसर पर जारी की गई रिपोर्ट

    ● भारी बस्ता उठाने से बच्चे आगे की ओर झुककर चलने लगते हैं।

    ● गर्दन और कंधों की मांसपेशियों पर लगातार दबाव पड़ता है।

    ● बच्चे शारीरिक और मानसिक रूप से जल्दी थक जाते हैं।

    ● कई बच्चे घंटों मोबाइल का इस्तेमाल करते हैं।

    ● मोबाइल चलाते समय अधिकांश बच्चे झुककर बैठते हैं।

    चिकित्सकों की सलाह
    ● बच्चे केवल उसी दिन की आवश्यक किताबें और कॉपियां लेकर स्कूल जाएं।

    ● स्कूलों में किताबें और नोटबुक रखने की व्यवस्था हो।

    ● नियमित स्ट्रेचिंग और हल्की कसरत कराई जाए।

    ● बैग की पट्टियां चौड़ी और गद्देदार हों।

    ● बैग में कमर पर बांधने वाली पट्टी हो, ताकि रीढ़ पर दबाव कम पड़े।

    ● बच्चों को दोनों कंधों पर बैग टांगने की आदत डालें।

    ● मोबाइल पर गेम और रील देखने की आदत नियंत्रित की जाए।

    विशेषज्ञ क्या कहते हैं?
    झुककर लंबे समय तक मोबाइल इस्तेमाल करने से गर्दन दर्द बढ़ रहा है। कई बच्चे बैग एक ही कंधे पर टांगते हैं, जिससे कंधों और रीढ़ की हड्डी पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। -डॉ. सुदीप कुमार प्रोफेसर, हड्डी रोग विभाग, एम्स, पटना

    2. मोबाइल का अधिक इस्तेमाल, खेल गतिविधियों की कमी, धूप में कम निकलना और भारी बस्ता बच्चों में गर्दन, कमर और पीठ दर्द के प्रमुख कारण बन रहे हैं। हर दिन आठ से 10 बच्चे हड्डी और मांसपेशियों के दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। -डॉ. रितेश रुनु, प्रोफेसर, हड्डी रोग विभाग, आईजीआईएमएस

  • दिल्ली रिज को हरा-भरा बनाने की मेगा योजना, चार साल में लगेंगे एक करोड़ से अधिक पौधे

    दिल्ली रिज को हरा-भरा बनाने की मेगा योजना, चार साल में लगेंगे एक करोड़ से अधिक पौधे

    नई दिल्ली
     सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद गठित दिल्ली रिज मैनेजमेंट बोर्ड की पहली उच्चस्तरीय बैठक मुख्य सचिव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें चार साल की मेगा योजना को मंजूरी दी गई है। इसके तहत एक करोड़ से अधिक पौधे व झाड़ियां लगाए जाएंगे। बैठक में सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का पालन करते हुए एक स्टैंडिंग कमिटी (स्थायी समिति) का गठन किया गया। इसकी अध्यक्षता सेंट्रल एम्पावर्ड कमिटी (सीईसी) के प्रतिनिधि (चंद्र प्रकाश गोयल) करेंगे। यह समिति रिज क्षेत्र में किसी भी गैर-वानिकी परियोजना और विकास कार्य की कड़ी समीक्षा करेगी।

    कब्चे से मुक्त कराई जमीन पर तुरंत पौधरोपण होगा
    साउथ रिज समेत पूरे रिज इलाके से अवैध कब्जे और अतिक्रमण तुरंत हटाए जाएंगे। इसके लिए डीडीए वाइस चेयरमैन की अध्यक्षता वाली एसटीएफ और जिला मैजिस्ट्रेटों (डीएम) की टास्क फोर्स के साथ मिलकर समयबद्ध अभियान चलाया जाएगा। कब्जे से मुक्त कराई गई जमीन पर तुरंत पौधरोपण किया जाएगा ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो सके।

    हरियाली के मास्टर प्लान पर रणनीति होगी तैयार
    2021 में रिज फंड से 223 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी और बैंक ऑफ बड़ौदा के फर्जी खाते में ट्रांसफर का मामला भी चर्चा में रहा। हाईकोर्ट के आदेश के बाद बैंक से 152.75 करोड़ रुपये हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल के पास जमा कराने का रास्ता साफ हुआ है। कोर्ट के निर्देश पर वरिष्ठ अधिवक्ता संजय जैन के साथ मिलकर इसका इस्तेमाल केवल रिज के संरक्षण, अपग्रडेशन और हरियाली के मास्टर प्लान पर करने की रणनीति तैयार की जा रही है।

    100+ पेड़ कटे तो मौके का निरीक्षण करेगी कमिटी
    एक हेक्टेयर से बड़े प्रोजेक्ट पर भी SCDRMB के सभी सदस्य करेंगे साइट विजिट, 46 प्रस्तावों की होगी जांच रिज और मॉर्फोलॉजिकल रिज को बचाने व अधिक हरा भरा बनाने के लिए अब सौ से अधिक पेड़ काटने और एक हेक्टेयर से बड़े प्रोजेक्ट के लिए अब स्टैंडिंग कमिटी ऑफ दिल्ली रिज मैनेजमेंट बोर्ड (SCDRMB) के सभी सदस्य खुद साइट का निरीक्षण करेंगे। यह निर्णय सुप्रीम कोर्ट के दखल के बाद गठित SCDRMB की पहली उच्चस्तरीय बैठक में लिया गया है। सेंट्रल एम्पावर्ड कमिटी (CEC) के ऑफिस में अध्यक्ष चंद्र प्रकाश गोयल की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में कई सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। सबसे अहम फैसला ये लिया गया कि रिज क्षेत्र में अगर किसी भी प्रोजेक्ट के तहत 100 से ज्यादा पेड़ काटने की जरूरत होगी तो स्टैंडिंग कमिटी के सभी सदस्य खुद मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगे।

    इन प्रोजेक्ट्स में कमियां
    मीटिंग में मैदानगढ़ी में एडमिन ब्लॉक बनाने की अनुमति, संजय वन के पास वॉटर फीचर और कैफे बनाने के प्रस्ताव और वसंत कुंज के स्मृति वन में मछली तालाब में सीवेज मोड़ने के लिए डीजेबी की पाइपलाइन बिछाने का काम और वसंत विहार व जीके-2 में कई प्राइवेट आवासीय निर्माण में बोर्ड ने कमियां पाई है।

     

  • हरियाणा में HTET रिजल्ट तैयार, गलत प्रश्नों पर अभ्यर्थियों को मिलेंगे ग्रेस मार्क्स

    हरियाणा में HTET रिजल्ट तैयार, गलत प्रश्नों पर अभ्यर्थियों को मिलेंगे ग्रेस मार्क्स

    भिवानी.

    हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा का परिणाम तैयार है मगर घोषणा का इंतजार है। बोर्ड अधिकारियों की ओर से एक प्रतिशत अभ्यर्थियों की उत्तर पुस्तिकाओं की बोर्ड कर्मचारियों से भी जांच करवा ली है।

    ऐसे में अब कभी भी परिणाम की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है। प्रश्न पत्रों और आंसर-की पर आई करीब 18 हजार आपत्तियों पर भी बोर्ड के विशेषज्ञों ने अपनी राय दे दी है। जिसके अनुसार सभी लेवल के प्रश्न पत्रों के कुछ-कुछ प्रश्नों और विकल्पों में खामियां मिली है। जिनके बदले अभ्यर्थियों को ग्रेस अंक दिए जाएंगे। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से पांच व छह जुलाई को हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा-2025 करवाई गई थी। सुरक्षा के कडे़ पहरे और सीसीटीवी की निगरानी में करीब 1,92,226 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी जबकि 17.60 प्रतिशत यानी 41068 अनुपस्थित रहे थे।

    परीक्षा के बाद प्रश्न पत्रों की खामियों के कारण काफी सवाल उठे और अभ्यर्थियों ने आरोप लगाए कि मुहावरे का अर्थ पूछा मगर मुहावरा दिया ही नहीं। इनके अलावा मैथ के सवालों में अंग्रेजी में अलग अंक दिए और हिंदी में अलग। कई जगह प्रश्न पत्र मिस प्रिंटिंग की शिकायत आई। करीब 18 हजार प्रश्नों और आंसर-की पर अभ्यर्थियों ने आपत्तियां दर्ज करवाई। विशेषज्ञों ने अभ्यर्थियों की आपत्तियों की जांच कर अपनी रिपोर्ट बोर्ड अधिकारियों को सौंपी। एक्सपर्ट ने भी माना है कि कुछ प्रश्न अधूरे थे तो कुछ विकल्प एक से ज्यादा सहीं थे। जिस कारण अब बोर्ड ने परीक्षार्थियों को लेवल व कोड अनुसार प्रश्न पत्रों में मिली खामियों के आधार पर मूल्यांकन करते हुए ग्रेस अंक दिए है। बोर्ड अधिकारियों की ओर से तीन व चार अगस्त को बोर्ड के कर्मचारियों से एक प्रतिशत अभ्यार्थियों की उत्तरपुस्तिकाओं की जांच करवाई गई। कुछेक को छोड़ जांच में सभी सहीं मिली। ऐसे में अब रिजल्ट पूरी तरह तैयार है।

    आखिर कब आएगा परिणाम
    आखिर परिणाम कब आएगा। पिछले सप्ताहभर से अभ्यर्थी ये सवाल पूछ रहे है। काफी अभ्यर्थी बोर्ड अधिकारियों, कर्मचारियों के फोन घनघना रहे है तो कुछ बोर्ड पहुंचकर भी यह सवाल कर रहे है। मगर किसी को संतोषजनक जवाब नहीं मिल रहा। बोर्ड अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही परिणाम घोषित किया जाएगा। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ ने कहा कि हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा का परिणाम तैयार है। जल्द ही इसकी घोषणा की जाएगी। विशेषज्ञों की राय के बाद अभ्यार्थियों द्वारा लगाए गए आब्जेक्शन को भी ठीक कर दिया है और किसी भी अभ्यर्थी के साथ अन्याय नहीं होगा।

  • हरियाणा आयुष यूनिवर्सिटी में 60 पदों पर भर्ती, 1.12 लाख तक सैलरी

    हरियाणा आयुष यूनिवर्सिटी में 60 पदों पर भर्ती, 1.12 लाख तक सैलरी

    सरकारी नौकरी का लंबे समय से इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बेहद खास मौका है. अगर आप हरियाणा में एक अच्छी सैलरी वाली नौकरी करना चाहते हैं, तो  श्री कृष्ण आयुष यूनिवर्सिटी (SKAU), कुरुक्षेत्र ने नॉन-टीचिंग और पैरामेडिकल के कई पदों पर नियमित भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है. इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को CET स्कोर की जरूरत नहीं है. साथ ही चयनित उम्मीदवारों को हर महीने एक लाख रुपये की सैलरी मिलेगी. पद के लिए योग्य उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. लेकिन इससे पहले आइए जानते हैं इस पद से जुड़ी सारी डिटेल.

    किन-किन पदों पर निकली भर्ती?
    बता दें कि यूनिवर्सिटी ने नॉन-टीचिंग स्टाफ के कुल 60 नियमित पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं. इसके तहत क्लर्क के 29 पद, स्टाफ नर्स के 25 पद और आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट के 6 पद शामिल हैं. सभी नियुक्तियां रेगुलर डायरेक्ट रिक्रूटमेंट के जरिए होगी.

    कब तक कर सकत हैं आवेदन
    वहीं, अगर आवेदन की बात करें, तो इन पदों पर आवेदन प्रक्रिया 30 जुलाई से शुरू हो चुकी है, जो 21 अगस्त तक की जाएगी. उम्मीदवारों को दिए गए समय सीमा के अंदर आवेदन करना होगा.

    कैसे होगा चयन?
    स्टाफ नर्स और आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट पदों के लिए सबसे पहले रिटन एग्जाम का आयोजन किया जाएगा. परीक्षा में संबंधित विषय के साथ रीजनिंग, मैथ, हरियाणा सामान्य ज्ञान, करेंट अफेयर्स, सामान्य हिन्दी, अंग्रेजी और बेसिक कंप्यूटर से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे. इसके बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन किया जाएगा. वहीं, क्लर्क के पदों पर लिखित परीक्षा के अलावा 10 मिनट का टाइपिंग टेस्ट भी आयोजित किया जाएगा. इसके बाद योग्य उम्मीदवारों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन होगा.

    मिलेगी इतनी सैलरी
    इस पद की सबसे आकर्षण चीज इसकी सैलरी है. हालांकि, पदों के मुताबिक ये अलग-अलग रखी गई है. स्टाफ नर्स और आयुर्वेदिक फार्मासिस्ट के पदों पर  उम्मीदवारों को FPL-06 के तहत 35,400 रुपये से 1,12,400 रुपये प्रति माह तक सैलरी दी जाएगी. वहीं क्लर्क के पदों पर चयनित उम्मीदवारों को FPL-02 के अनुसार 19,900 रुपये से 63,200 रुपये प्रति माह की सैलरी मिलेगी.

    ऐसे कर सकते हैं आयोजन
        इन पद पर आवेदन करने वाले इच्छुक उम्मीदवारों को सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट पर जाएं.
        इसके बाद भर्ती से जुड़े लिंक पर क्लिक करें.
        मांगी गई सारी डिटेल को भरें.
        इसके बाद फोटो, साइन, मार्कशीट, डिग्री, आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र समेत अन्य जरूरी डॉक्यूमेंट अपलोड करें.
        आवेदन शुल्क जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट करें.

     

  • ईओ विमल कुमार हत्याकांड में स्पीडी ट्रायल के निर्देश, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

    ईओ विमल कुमार हत्याकांड में स्पीडी ट्रायल के निर्देश, दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

    पटना
    बिहार मे कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की हत्या के मामले में अब स्पीडी ट्रायल होगाा। राज्य के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि डेहरी के ईओ विमल कुमार की हत्या के मामले में जिला प्रशासन को स्पीडी ट्रायल का निर्देश दिया गया है। सीएम ने बुधवार को ट्वीट कर जानकारी दी है कि ईओ विमल कुमार की मृत्यु से संबंधित प्रकरण में उनकी पत्नी बबिता कुमारी ने लोकसेवक आवास पर मुलाकात की।

    इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने परिवार को भरोसा दिलाया कि न्याय हर हाल में मिलेगा। साथ ही जिला प्रशासन को स्पीडी ट्रायल का निर्देश दिया है। दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कानूनी कार्रवाई होगी। सीएम से मुलाकात के दौरान बबिता कुमारी ने हत्या की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच, आरोपितों के खिलाफ स्पीडी ट्रायल चलाने की मांग की। जीवन निर्वहन के लिए दो करोड़ राशि, राजपत्रित कर्मचारी के रूप में सरकारी नौकरी और परिवार को सुरक्षा की मांग की। मुलाकात के दौरान सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव उनके साथ रहे।

    बता दें कि बिहार के औरंगाबाद जिले में देहरी से पटना जाते समय नगर निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी की उनके कार चालक ने कथित तौर पर लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना शनिवार शाम बरुण थानाक्षेत्र के धनौती पुल के पास हुई। डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की हत्या के मामले में उनके ड्राइवर को पकड़ा गया है।

    पुलिस ने बताया कि चालक ने शुरुआत में दावा किया था कि अज्ञात मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उन पर हमला किया था। मगध क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विकास वैभव ने रविवार को पत्रकारों से कहा, “कार्यपालक अधिकारी कार से पटना जा रहे थे, तभी पुलिस को चालक से सूचना मिली कि अज्ञात अपराधियों ने अधिकारी की पिटाई की है। अस्पताल ले जाते समय अधिकारी की मौत हो गई। हालांकि, पूछताछ के दौरान चालक बार बार बयान बदलता रहा, जिससे उस पर संदेह हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने स्वीकार किया कि उसने लोहे की रॉड से हमला कर अधिकारी की हत्या की।”

    तेजस्वी यादव ने उठाए थे सवाल
    राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने डेहरी के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की हत्या के मामले में पुलिस कि भूमिका पर सवाल उठाये और कहा कि जांच की निष्पक्षता संदेह के दायरे में है तथा रसूखदार दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। तेजस्वी यादव ने कहा था कि इस मामले में परिजनों की शिकायत के बावजूद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबधन (राजग) के घटक दल लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास)के विधायक सोनू सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है।

    उन्होंने कहा था कि उस क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक(आईजी) ने जल्दबाजी में अधिकारी के ड्राईवर को दोषी ठहरा दिया है, लेकिन जिस बुरी तरह से उनकी हत्या की गयी है, उससे प्रतीत होता है कि यह किसी एक आदमी का काम नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले प्रदेश के एक अन्य कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या हुई थी और अब यह दूसरी हत्या इस बात को साबित करती है कि प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद प्रदेश के सरकारी अधिकारियों में भय का माहौल पैदा हो गया है।